राशन की दुकान पर लोगों ने की मारपीट - नहटौर, उत्तर प्रदेश
नहटौर (मोहम्मद फैजान) - लाॅकडाउन के दौरान ग्राम पंचायत मीमला मुस्तफाबाद में सस्ते गल्ले की दुकान पर खाद्यान देने को लेकर एक पक्ष के दर्जनों लोगों ने राशन डीलर व उसके पुत्र के साथ मारपीट करते हुए 15 हजार रुपये लूट लिए और उसकी ई पाश मशीन भी तोड़ डाली। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस ने दो महिलाओं को हिरासत में लिया है।
प्राप्त समाचार के अनुसार क्षेत्र के गांव मीमला मुस्तफाबाद में राशन डीलर कयामुद्दीन आज राशन वितरण कर रहा था। आरोप है कि उसी दौरान दिल्ली से आए गांव के ही दर्जनों लोग उसकी दुकान पर आ गए और राशन देने को कहने लगे। डीलर द्वारा उनका नाम लिस्ट में न होने की बात कहने पर आरोपियों ने डीलर पर हमला कर दिया। हमले के दौरान डीलर व उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने उसके गल्ले में रखी 15 हजार की नगदी भी लूट ली व उसकी ई पॉश मशीन भी तोड़ डाली। मामले की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा तथा गांव से आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। राशन डीलर ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंप दी। कोतवाल सत्यप्रकाश ने बताया कि ग्राम मीमला मुस्तफाबाद निवासी खालिद, आरिफ, जाकिर, कासिम पुत्रगण घसीटा के खिलाफ सम्बन्धित धारा में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
Comments
Post a Comment