प्रयागराज, उत्तर प्रदेश में सनसनीखेज वारदात, प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, शव खेत में दफनाया - India Public News
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश(दुर्गेश विश्वकर्मा) - सोरांव के बहोरिकपुर में प्रॉपर्टी डीलर नीरज मिश्रा(36) की गोली मारकर हत्या के बाद शव खेत में दफना दिया गया। पुलिस ने शक के आधार पर दोस्त को पकड़कर पूछताछ शुरू की तो मामले का खुलासा हुआ।
उसने बताया कि रुपयों व जमीन के विवाद में उसने वारदात की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया और फिर इसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
नीरज सोरांव के रुचि का पूरा गांव का रहने वाला है। उसके पिता देवनाथ मिश्रा व भाई धीरज मिश्रा जिला कचहरी में अधिवक्ता हैं। वह जमीन की खरीद फरोख्त का काम करता था। 22 फरवरी की रात आठ बजे नीरज दवा लेने के लिए घर से निकला। इसके बाद से वह वापस नहीं आया। घरवाले खोजबीन में जुटे रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद अगले दिन उन्होंने सोरांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
जांच पड़ताल शुरू हुई तो पता चला कि प्रॉपर्टी डीलर शनिवार रात बहोरिकपुर गांव के विपुल पटेल के साथ देखा गया था। पुलिस के मुताबिक, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई तो वह पहले तो कोई जानकारी न होने की बात कहता रहा। लेकिन सख्ती से पूछताछ में टूट गया और फिर बताया कि उसने नीरज की हत्या कर दी है। बताया कि नीरज ने उसके माध्यम से उसके ही परिवार की एक जमीन का इकरारनामा 11 लाख रुपये में किया था। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी सिर्फ चार लाख रुपये ही दिए थे। यही नहीं अब वह इस जमीन से चकरोड देने के बाद ही रुपये देने की बात कहने लगा था। इसी वजह से उसने उसे मौत के घाट उतार दिया।
रिपोर्टर
दुर्गेश विश्वकर्मा
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश
Comments
Post a Comment