इंटर के छात्र की डंपर से कुचलकर मौत।
प्रयागराज - घर से निकले किशोर को सड़क पार करते समय डंपर ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने चालक को डंपर समेत पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।सराय अतना उर्फ नौगिरा निवासी आकाश कुमार यादव (17) पुत्र श्याम लाल यादव इन्टर का छात्र था। गुरुवार की सुबह आकाश घर से शौच के लिए निकला। जैसे ही मऊआइमा-तिलई बाजार मार्ग पार करने लगा तेज गति से आ रही डंपर ने आकाश को कुचल दिया। इससे आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत बोड़ीपुर की ओर भागा। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर डंपर सहित चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया और मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस वाहन को थाने ले गई तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।18 फरवरी से शुरू होनी थी परीक्षामऊआइमा। आकाश यादव अपने भाई संदीप यादव और सुभाष यादव से छोटा था तथा बहन कोमल से बड़ा था। इंटर फाइनल इयर के छात्र आकाश की बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होनी थी। इसकी वह दिन रात तैयारियां कर रहा था। आकाश पढ़ने में तेज था। घरवालों को उससे काफी उम्मीदें थीं। अचानक मौत से परिवार के सपने बिखर गए। मां नीमा यादव, पिता श्याम लाल तथा भाई-बहन का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। भाई संदीप यादव ने मऊआइमा थाने में डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

Comments
Post a Comment