लखनऊ में दिनदहाड़े इंजीनियरिंग के छात्र की चाकू मारकर हत्या, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर में दिनदहाड़े इंजीनियरिंग के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. 23 साल प्रशांत सिंह अलकनंदा अपार्टमेंट में अपने एक परिचित से मिलने गया था, जब 10-12 लड़कों के एक समूह ने सीने में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी. ये सभी लोग वहां उसका इंतजार कर रहे थे. वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है.
सीसीटीवी फुटेज में लड़कों के एक समूह इनोवा कार को रोकते देखे जा सकते हैं. इसके बाद इनलोगों ने फ्रंट सीट पर बैठे दो लोगों पर हमला कर दिया. इसके कुछ सेकंड बाद प्रशांत सिंह को अपनी छाती पर हाथ रखते हुए कार से भागकर एक इमारत में घुसते हुए देखा जा सकता है.
पुलिस ने बतया कि प्रशांत सिंह को बिल्डिंग के अंदर खून से लथपथ पाया गया. इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि प्रशांत वाराणसी का रहने वाला था और यहां के एक नामी इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक कर रहा था.
पुलिस ने बताया कि प्रशांत का बुधवार को अपने जूनियरों के साथ उस समय कहासुनी हो गई थी, जब वह अपने रूममेट का बर्थडे मनाने बाराबंकी गया था. प्रशांत के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि उसके जूनियर इस वारदात में शामिल हो सकते हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है.

Comments